एसपी ने किया आधुनिक बैरक का उद्घाटन

 


हाथरस, 04 जुलाई (हि.स.)। कोतवाली में पुलिसकर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से शनिवार दोपहर आधुनिक पुलिस आरक्षी बैरक का उद्घाटन किया गया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने फीता काटकर नवनिर्मित बैरक का शुभारंभ किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण भी किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस जवान दिन-रात कठिन परिस्थितियों में रहकर कानून व्यवस्था बनाए रखने का कार्य करते हैं। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे में उनकी मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पुलिस अधीक्षक ने आगे कहा कि बेहतर आवासीय व्यवस्था मिलने से जवानों को आरामदायक वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी कार्यक्षमता और मनोबल दोनों में वृद्धि होगी। नवनिर्मित बैरक को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। इसमें पर्याप्त रोशनी और वेंटिलेशन की व्यवस्था की गई है, जिससे पुलिसकर्मियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके। बैरक को इस प्रकार डिज़ाइन किया गया है कि ड्यूटी के बाद जवानों को आराम और मानसिक सुकून मिल सके। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिसकर्मियों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए और उनकी सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग अपने जवानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और भविष्य में भी उनके लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे। इस उद्घाटन कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी जेएन अस्थाना, कोतवाली प्रभारी विजय सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राधा रमन अग्रवाल और समाज सेवी विनय जिंदल सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। आधुनिक बैरक के निर्माण से पुलिसकर्मियों में उत्साह है।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना