सपा 'नमाजवादी पार्टी, 2027 में सैफई तक सिमट जाएगी : केशव प्रसाद मौर्य
मेडिकल कॉलेज परिसर में लगाया हरिशंकरी का पौधा,निकाली सेल्फी
झांसी, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को झांसी के मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित 'एक पेड़ मां के नाम' पौधारोपण महाभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान समाजवादी पार्टी असल मायने में नमाजवादी पार्टी बन चुकी है।
मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उप मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव के सनातन से जुड़े बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि असली समाजवादी सनातनी हो सकते हैं, लेकिन अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा अपराधियों, गुंडों, माफियाओं और भ्रष्टाचार को संरक्षण देने वाली पार्टी है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और गरीब कल्याण की राजनीति को बढ़ावा मिला है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा लगातार मजबूत हो रही है, जबकि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का जनाधार लगातार घट रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के परिणाम आने पर समाजवादी पार्टी केवल सैफई तक सिमटकर रह जाएगी। भगवान राम को लेकर आदित्य ठाकुर के बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आदित्य ठाकुर अभी बच्चे हैं, इसलिए उनके बयान पर अधिक टिप्पणी करना उचित नहीं है।
पौधारोपण अभियान पर बोलते हुए उन्होंने इसे महाभियान और महायज्ञ की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक साथ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रदेश में आज 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि 9 साल में अब तक करीब 2 अरब 35 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। लोगों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए एक पेड़ मां के नाम अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल का भी संकल्प लें।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया