देवरिया : सपा ने बैठक कर मतदाता सूची पुनरीक्षण पर दिया जोर, पुलिस कार्रवाई की निंदा

 


देवरिया, 03 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) की एक महत्वपूर्ण बैठक बांस देवरिया स्थित पार्टी कार्यालय के मुलायम सिंह यादव सभागार में रविवार को आयोजित की ग़ई। बैठक में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण को प्राथमिकता देते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान हाल ही में पार्टी के आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की गई। नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों का सपा मजबूती से विरोध करेगी।

सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के इशारे पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर की गई पुलिस बर्बरता लोकतंत्र की आत्मा के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे समाजवादी पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं के जज्बे और संघर्षशीलता की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद आंदोलन को सफल बनाना उनकी एकजुटता और समर्पण का परिचायक है। इसके लिए सभी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं।

बैठक में आगामी राजनीतिक रणनीति, मतदाता सूची के परीक्षण और संगठन विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की अपील की।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक