मतदाता सूची से नाम काटने की शिकायत लेकर डीएम से मिले सपा नेता

 


गोरखपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। महानगर समाजवादी पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा से मुलाकात कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद सत्यापन के नाम पर मतदाताओं के नाम काटे जाने की शिकायत की। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि महानगर सहित पूरे जनपद में समाजवादी विचारधारा से जुड़े मतदाताओं, विशेषकर पीडीए समाज से जुड़े मतदाताओं के नाम साजिशन मतदाता सूची से हटाए जाने का प्रयास किया जा रहा है। सपा नेताओं ने इस प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने और निष्पक्ष तरीके से सत्यापन कराने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा कि मतदाता सूची से किसी भी पात्र मतदाता का नाम हटना लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित किए जाने के समान है। इसलिए विलोपन सूची को प्रकाशन के लिए भेजने से पहले सभी विधानसभाओं के एआरओ द्वारा संबंधित तहसीलों में सूची चस्पा की जाए, ताकि मतदाता अपने नाम की स्थिति देख सकें और यदि किसी पात्र मतदाता का नाम हटाया गया है तो समय रहते आपत्ति दर्ज करा सके।

सपा नेताओं ने यह भी मांग की कि विलोपन सूची की एक प्रति सभी राजनीतिक दलों को बूथवार उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना था कि मतदाता सूची से नाम हटाने की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए और राजनीतिक दलों को भी इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इससे किसी भी स्तर पर मनमानी या गड़बड़ी की आशंका को दूर किया जा सकेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार प्राप्त है। इसलिए सत्यापन अथवा विलोपन की प्रक्रिया में यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी वास्तविक मतदाता का नाम बिना उचित जांच और निर्धारित प्रक्रिया के मतदाता सूची से न हटे। नेताओं ने प्रशासन से निष्पक्षता के साथ पूरी प्रक्रिया की निगरानी कराने की मांग की।

मामले में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी ओर से किसी भी लेखपाल अथवा बीएलओ को मतदाता सूची से नाम काटने के संबंध में किसी प्रकार का आदेश नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि लगाए गए आरोपों में सत्यता पाई जाती है तो मामले की जांच कर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। डीएम के इस आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद जताई।

प्रतिनिधिमंडल में महानगर महासचिव बृजनाथ मौर्य, महानगर उपाध्यक्ष हीरालाल यादव, नगीना प्रसाद साहनी, जियाउल इस्लाम, शहाब अंसारी, अमीरुद्दीन अंसारी, अशोक यादव, मोहम्मद अख्तर, जितेंद्र श्रीवास्तव, कपिल मुनि यादव, अमर अग्रहरि, चन्द्रभान प्रजापति, सच्चिदानंद यादव, अनिल कुमार, मोहम्मद दानिश, फैज मिर्जा, अभिमन्यु मौर्य, सत्य प्रकाश, सतीश यादव, विजेन्द्र जायसवाल, विजेन्द्र अग्रहरि, उजैर अहमद, नुर मोहम्मद, रवि जायसवाल, दानिश मुस्तफा, अब्दुल हमीद, राजू, गुड्डू शाह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय