गौ हत्या की घटनाएं चिंताजनक, रोकने के लिए समाज के हर व्यक्ति को आना होगा आगे : शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद
देवरिया पहुंचने पर सपा नेताओं ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज का किया स्वागत
देवरिया, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद पहुंचे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने गौ संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गौ हत्या की घटनाएं चिंताजनक हैं और इसे रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए। अविमुक्तेश्वरानंद महाराज यहां बरहज विधानसभा क्षेत्र के महेन मंदिर में बुधवार को श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने गौ संरक्षण को लेकर लोगों से अपील की कि वे गौ रक्षा के लिए जागरूक रहें और इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने महेन मंदिर पहुंचने पर सर्वप्रथम विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर में संवाद किया।
इससे पूर्व जनपद आगमन पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज का बरहज विधानसभा क्षेत्र के महेन चौराहे पर समाजवादी पार्टी (सपा) नेताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गौ संरक्षण का संदेश देते हुए नारेबाजी की।
सपा नेता विजय रावत, अनिल गोस्वामी, अभय यादव और अर्जुन सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में गाजे-बाजे के साथ संत का जोरदार अभिनंदन किया गया।
वहीं मंदिर में कार्यक्रम के दौरान प्रमुख रूप से विकास यादव, अभिषेक कुमार, राजेश यादव, समर यादव, त्रिलोकी नाथ, सुधीर कुमार, रणविजय सिंह, दिनेश कुमार सहित कई बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गणमान्य उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक