भूख हड़ताल पर बैठे सपा नेता विजय ने खून से लिखा प्रधानमंत्री को पत्र
देवरिया, 22 जुलाई (हि.स.)। बरहज की जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता विजय रावत का भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान उन्होंने अपने खून से देश के प्रधानमंत्री के नाम पत्र लिखकर भाजपा सरकार पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
विजय रावत ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के हितों में काम नहीं कर रही है और अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने वालों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी कर भाजपा ने 'जलती आग में घी डालने का काम किया है'। कहाकि छात्र और नौजवान अब जाग चुके हैं तथा आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देंगे। कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब युवाओं ने आंदोलन किया है, तब-तब सत्ता परिवर्तन हुआ है। सपा नेता ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़ी मांगें पूरी होने तक उनका अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगा।
धरना स्थल पर पहुंचे सपा नेता वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जनता की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बरहज विकास से कोसों दूर हो गया है और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
इस दौरान कई छात्र भी धरना स्थल पर पहुंचे और भूख हड़ताल का समर्थन किया। कार्यकर्ताओं और छात्रों ने अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में सरकार विरोधी नारे लगाए।
भूख हड़ताल में संजय प्रसाद, राहुल सिंह, अजीत पांडेय, दिनेश यादव, विकास कुमार, अमित प्रधान, कमलेश कुशवाहा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक