बैलगाड़ी से तहसील पहुंचे सपा नेता, महंगाई के विरोध में सौंपा ज्ञापन

 






देवरिया, 16 मई (हि.स.)। बरहज विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन शनिवार को किया। विजय रावत के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ता बैलगाड़ी पर सवार होकर बरहज तहसील पहुंचे और प्रदर्शन किया। राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम बरहज को सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई, बेरोजगारी और ईंधन संकट को लेकर सरकार को घेरा। बैलगाड़ी के जरिए तहसील पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने बढ़ती डीजल-पेट्रोल कीमतों और आम जनता की परेशानियों को प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शित किया।

इस मौके पर विजय रावत ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि आज गैस सिलेंडर, डीजल और पेट्रोल की किल्लत के कारण लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जनता महंगाई से त्रस्त है और सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव के दौरान जनता को महंगाई कम करने और युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार अपने वादों से पीछे हट गई। विजय रावत ने कहा कि प्रदेश और देश की जनता अब समाजवादी पार्टी की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है और वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने जा रही है। सपा नेता ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को गुमराह कर सत्ता हासिल की है, लेकिन अब लोग वास्तविकता समझ चुके हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता भाजपा को जवाब देगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान अमित प्रधान, संजय कुमार प्रधान, राहुल सिंह, विकास यादव, दिनेश कुमार, रणविजय सिंह, राजेंद्र सिंह, अनिल तिवारी सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक