रुद्रपुर बस स्टेशन में जलभराव के विरोध में सपा नेता ने राेपा धान

 


देवरिया, 17 जुलाई (हि.स.)।उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में रुद्रपुर रोडवेज बस स्टेशन की बदहाल स्थिति और बरसात के दौरान होने वाले जलभराव के विरोध में समाजवादी पार्टी के नेता प्रदीप यादव ने शुक्रवार को अनोखा प्रदर्शन किया। दोपहर करीब दो बजे उन्होंने बस स्टेशन परिसर में जमा बारिश के पानी में धान की रोपाई कर रोडवेज प्रशासन और प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के माध्यम से उन्होंने जर्जर बस स्टेशन भवन को ध्वस्त कर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए बस स्टेशन के निर्माण की मांग की।

प्रदीप यादव ने कहा कि रुद्रपुर बस स्टेशन वर्षों से बदहाली का शिकार है। बारिश होते ही पूरा परिसर तालाब में तब्दील हो जाता है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों और स्कूली बच्चों को कीचड़ और गंदे पानी से होकर बसों तक पहुंचना पड़ता है। कई बार जलभराव के कारण बसों को भी स्टेशन परिसर में प्रवेश करने में दिक्कत होती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद रोडवेज प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों ने समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। उनका कहना था कि यह स्थिति यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा दोनों के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है।

प्रदर्शन के दौरान उन्होंने सरकार से मांग की कि पुराने और जर्जर बस स्टेशन को हटाकर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नया बस स्टेशन बनाया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी जनसमर्थन के साथ बड़ा आंदोलन करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक