एसपी उत्तरी राजेश गुनावत ने संभाला कार्यभार
गोरखपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस के 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेश गुनावत ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक उत्तरी के पद पर विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पुलिस ऑफिस पहुंचने पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात की।नई जिम्मेदारी संभालते हुए उत्तरी क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति और पुलिसिंग व्यवस्था से संबंधित आवश्यक जानकारी ली। इससे पहले बुधवार को मुख्यमंत्री की वीआईपी ड्यूटी में उन्होंने अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन किया।
वीआईपी ड्यूटी पूरी होने के बाद गुरुवार को पुलिस ऑफिस पहुंचकर उन्होंने एसपी उत्तरी के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसपी उत्तरी ने अधिकारियों से क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, अपराध की स्थिति और थानों की पुलिस व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने पर जोर दिया। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की बात कही।
राजेश गुनावत मूल रूप से राजस्थान के सवाई माधोपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने बीटेक (पेट्रोलियम इंजीनियरिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। पुलिस सेवा में आने के बाद उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। अलग-अलग जनपदों में कार्य करने के दौरान उन्हें कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और तकनीक आधारित पुलिसिंग का अनुभव प्राप्त हुआ है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय