श्रावण पर्व को लेकर एसपी ने किया कांवड़ यात्रा मार्गों व प्रमुख धार्मिक स्थलों का निरीक्षण

 


देवरिया, 21 जुलाई (हि.स.)। आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने जनपद के विभिन्न कांवड़ यात्रा मार्गों और प्रमुख धार्मिक स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना भाटपाररानी क्षेत्र के चनुकी तिराहा, फुलवरिया और महुजा बॉर्डर का निरीक्षण किया। इसके अलावा थाना सलेमपुर क्षेत्र स्थित मझौलीराज के दिग्धेश्वर नाथ मंदिर तथा थाना मईल क्षेत्र के भागलपुर चौकी और घाट का भी जायजा लिया।

एसपी ने संबंधित क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और अन्य पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने मंदिर परिसर और घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की सक्रिय निगरानी, नियमित पुलिस गश्त और अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रावण पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखने और उनके विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय प्रशासन, नगर निकाय, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक