सपा का प्रतिनिधिमंडल डीजीपी से मिला, की पुलिस उत्पीड़न की शिकायत

 


लखनऊ, 27 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) का एक प्रतिनिधिमण्डल बुधवार को लखनऊ में पुलिस महानिदेशक से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रतिनिधिमण्डल ने डीजीपी से गाजीपुर करण्डा थानाध्यक्ष द्वारा अनिल यादव और उनके परिवार पर फर्जी मुकदमा लगाकर फंसाने की उच्च स्तरीय जांच कराने और उत्पीड़न रोककर पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की। हरदोई की शिल्पी कुशवाहा हत्याकाण्ड में शामिल अन्य अपराधियों और साजिशकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमण्डल में शामिल समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, पूर्व एमएलसी उदयवीर सिंह और सुनील सिंह साजन ने पुलिस महानिदेशक को दिए ज्ञापन में कहा कि गाजीपुर जनपद के करण्डा थाना के कटरिया ग्राम सभा के प्रधान पद के पूर्व प्रत्याशी अनिल सिंह यादव से नाराजगी और बदले की भावना के कारण वर्तमान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आशुतोष सिंह आशु तथा थानाध्यक्ष करण्डा द्वारा अनिल यादव के भाई सुनील यादव जो आर्मी में एनएसजी में कमाण्डो है और दूसरे भाई विक्की यादव को फर्जी तरीके से फंसाया जा रहा है।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के इशारे पर थानाध्यक्ष करण्डा संतोष कुमार पाठक ने अनिल सिंह यादव और उनके भाईयों पर संगीन धाराओं में बीएनएस 2023 की धारा अन्तर्गत 109 (1) 191(2), 191(3), 190, 115(2) 125, 132, 351 (3) 353 (2) अधिनियम 1932 के धारा-7 तहत मुकदमा दर्ज किया है। घर पर मौजूद अनिल सिंह यादव की माता और छोटी बहू को थानाध्यक्ष करण्डा द्वारा लगातार बिना महिला कांस्टेबिल के घर पर जाकर गाजी गलौज और मारपीट तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

थानाध्यक्ष करण्डा पुलिस कर्मियों के साथ 28 अप्रैल 2026 की रात्रि 11 बजे घर पर आये और घर का ताला तोड़कर काफी सामान और ज्वेलरी उठा ले गये जिसकी सूचना डायल 112 और 1090 पर दिया गया है। थानाध्यक्ष करण्डा और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आशुतोष सिंह आशु की सीडीआर निकलवाने पर सारी सच्चाई सामने आ जायेगी।

प्रशासन द्वारा लगातार अनिल यादव की माँ को प्रताड़ित किया जा रहा है। उनके पैतृक निवास को बुलडोजर से गिराने की धमकी दी जा रही है। अनिल यादव को करण्डा पुलिस तथा जिला प्रशासन द्वारा फर्जी एनकाउण्टर करने की धमकी दी जा रही है। अनिल यादव के भाई आर्मी में एनएसजी कमाण्डो सुनील यादव को नौकरी नहीं करने देने और छोटे भाई विक्की यादव को कहीं नौकरी करने लायक नहीं छोडने की धमकी दी जा रही है।

थानाध्यक्ष करण्डा संतोष पाठक और सत्येद्र दुबे सहित छह अन्य द्वारा घर पर मौजूद निजी वाहन ट्रैक्टर, बोलेरो, पिकप कार और मोटर साईकिल को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।

समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने दूसरे ज्ञापन में हरदोई की शिल्पी हत्याकाण्ड में शामिल अन्य अपराधियों, साजिशकर्ताओं शिवा ठाकुर, अश्वनी ठाकुर, मानेन्द्र सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्यवाही करने तथा पीड़ित परिवार को समुचित सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा