शांति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने सड़क पर उतरे एसपी सिटी, गोरखनाथ क्षेत्र में की पैदल गश्त

 




गोरखपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल ने थाना गोरखनाथ क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का अवलोकन किया और पुलिस की सक्रियता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

पुलिस अधिकारियों की इस पैदल गश्त का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखने के साथ ही पुलिस की मौजूदगी के माध्यम से आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना रहा। पुलिस अधीक्षक नगर ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ, प्रभारी निरीक्षक थाना गोरखनाथ सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय