दक्षिण कोरियाई दल को भाया बुंदेलखंड, दाल-चावल के लजीज स्वाद के हुए कायल

 




महोबा, 13 नवंबर (हि.स.)। शिक्षा क्षेत्र से जुड़ा 08 सदस्यीय दक्षिण कोरियाई दल उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड के महोबा जनपद के चरखारी विकासखंड के काकुन गांव पहुंचकर यहां की संस्कृति, सभ्यता का कायल हो गया है। शुक्रवार को कोरियन दल ने औद्योगिक खेती की बारीकियां सीखी और ग्रामीण परिवेश में शुद्ध वातावरण का जमकर लुत्फ उठाया है। भारतीय सभ्यता से रूबरू होकर कोरियन दल ने अपनी कोरियन संगीत एवं सभ्यता भी बुंदेलों के साथ साझा की। तो वहीं भोजन में दाल, चावल और पालक साग कोरियन को जमकर भाया है।

दक्षिण कोरिया की वोंक वांग डिजिटल यूनिवर्सिटी के छात्रों का आठ सदस्यीय दल गुरुवार को चरखारी विकास खंड के गांव काकुन पहुंचा। शुक्रवार को स्वामी शतानंद सरस्वती विद्यालय में कोरियन दल ने योगाभ्यास करने के साथ बच्चों को मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण देकर आत्म रक्षा को लेकर महत्वपूर्ण टिप्स दिए। रिपब्लिक ऑफ कोरिया की वाइस चांसलर और डिपॉर्टमेंट ऑफ योगा स्टीज एंड मेडिटेशन की डीन डॉ जोंग सून सिओ ने कोरियन सभ्यता के बारे में जानकारी देते हुए छात्रों के साथ समय बिताया। कोरियन दल ने गांव की सभ्यता और संस्कृति को धरातल पर देखा। उन्होंने बच्चों को मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण देने के साथ के पॉप डांस सिखाया। उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ अपनी संस्कृति साझा की।कोरियन दल में सियो जोंग सून, कोह ह्येक्योंग , हान सुनजा ,जुंग सुनक्यू ,किम मी-यंग ,ली सेंग-र्योल ,यून माल सून , जिन यून जू शामिल हैं।

विदेशी दल को भाया दाल चावल और साग

कोरियन दल गांव में पहुंचने की खबर लगने पर आस-पास के गांवों से लोगों की भीड़ जुट गई। लोग विदेशी दल के साथ सेल्फी लेने के बेताब दिखे। कोरिया दल ने दोपहर के भोजन में दाल , चावल और पालक साग खाया। बुंदेली व्यंजनों के जायकेदार स्वाद के आगे कोरियन दल यहां के सुंदर व्यंजनों की तारीफ करने से अपने आप को रोक नहीं पाया और उन्होंने भारतीय व्यंजनों के साथ ही बुंदेलखंड के देशी भोजन की जमकर तारीफ की।

देखी गांव की परंपरा

काशी योग एवं मूल्य शिक्षा संस्था वाराणसी के डॉ धर्मेद्र मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि कोरियन दल ने गांव के जीवन और यहां की परंपरा को देखा। विदेशी दल को यहां का माहौल खूब भाया है। तीन दिन के टूर में विदेशी दल ने बुंदेली व्यंजनों का स्वाद चखा और यहां के कठिया गेंहू के उत्पादन के साथ प्राकृतिक खेती और लोगों की दिनचर्या के बारे में जानकारी हासिल की। इसके साथ ही पशुपालन सहित पशुओं के गोबर से तैयार हो रही जैविक खाद के बारे में भी जानकारी हासिल की गई। कोरियन दल ने जल संरक्षण को लेकर धर्मेन्द्र मिश्रा द्वारा किए गए कार्यो की जमकर सराहना की है।

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी