गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के भवनों के निर्माण के लिए 15 सितंबर तक का समय मांगा

 


मुरादाबाद, 07 अगस्त (हि.स.)। गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी का एडमिन और एकेडमिक भवन का निर्माण 30 अगस्त तक पूरा हो जाएगा, जबकि अन्य भवनों के निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी ने मुख्यालय के मुख्य अभियंता से 15 सितंबर तक का समय मांगा है। चौथी बार निर्माण की अवधि बढ़ाने के लिए पत्र भेजा गया है। पत्र में कार्यदायी संस्था का कहना है कि यूनिवर्सिटी निर्माण के लिए गुजरात और हरियाणा से इंपोर्टेड सामान मंगाने में देर हो रही थी। कांवड़ यात्रा के चलते बड़े वाहन नहीं आ रहे हैं। इसके अलावा रोड के लिए डामर देरी से मिल रहा था।

रामगंगा के किनारे हरदासपुर गांव की 50 एकड़ भूमि पर मुख्यमंत्री ने 16 मार्च 2024 को गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी का शिलान्यास किया था, जिसके बाद 24 अगस्त 2024 को यूनिवर्सिटी के भवनों का निर्माण शुरू किया गया। शासन ने यूनिवर्सिटी के निर्माण बीती 23 फरवरी तक पूरा करने की अवधि निर्धारित की थी। निर्माण कार्य शुरू होते ही बाढ़ आने से परिसर में पानी घुस गया, जिससे निर्माण कार्य दो माह तक प्रभावित रहा। जिला प्रशासन की सहमति से निर्माण कार्य 31 जुलाई तक करने की तिथि बढ़ाई गई।

निर्माण कार्य का दायित्व अधिशासी अभियंता राजेंद्र बहादुर पर था, लेकिन दो माह पहले वह एक हादसे में घायल हो गए थे। जिस वजह से निर्माण कार्य बाधित रहा। अधिशासी अभियंता का कहना है कि अगस्त तक एकेडमिक और एडमिन दोनों भवनों का काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद शिक्षण कार्य शुरू करने के लिए भवन हस्तानांतरित किया जाएगा। अन्य भवनों के निर्माण की अवधि 15 सितंबर तक बढ़ाने के लिए पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता को पत्र भेजा गया है।

कार्यदायी संस्था के प्रबंधक का कहना है कि एडमिन, एकेडमिक, कुलपति, पुलिस बूथ, ब्वायज हॉस्टल सहित सभी बिल्डिंग का निर्माण कार्य हो गया है लेकिन अन्य काफी काम बाकी है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल