सोनभद्र : मारकुंडी घाटी में 50 फिट नीचे पलटी रोडवेज बस, 21 यात्री घायल

 


सोनभद्र : मारकुंडी घाटी में 50 फिट नीचे पलटी रोडवेज बस, 21 यात्री घायल

सोनभद्र, 21जून (हि.स.)। वाराणसी से शक्तिनगर जा रही विंध्य नगर डिपो की बस चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी घाटी के दूसरे मोड़ पर लगभग 50 फिट नीचे जाकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार लगभग दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक विंध्य नगर डिपो की बस वाराणसी से शक्तिनगर की तरफ जा रही थी। लगभग रात एक बजे अचानक बस अनियंत्रित होकर चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी घाटी में दूसरे मोड़ से 50 फिट नीचे जाकर पलट गयी। रोडवेज के पीछे आ रहे वाहन के लोगों ने बस गिरने की जानकारी पुलिस को दी। सूचना के बाद गुर्मा पुलिस चौकी प्रभारी अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंच कर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकलवाया व सभी यात्रियों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया।

पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त बस में लगभग 35 यात्री सवार थे, जिसमें से 21 यात्रियों को चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही देर रात जिलाधिकारी घटना स्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अपर जिलाधिकारी ने जिला आपदा विशेषज्ञ को घटना स्थल पर पहुंच कर स्थिति से अवगत कराने का निर्देश दिया है।

पुलिस ने बताया कि कुल 21 यात्री घायल हैं, जिसमें से 7 गंभीर हैं। पुलिस के अनुसार बस में सवार यात्री देवांश गुप्ता, नन्दिनी राय, रानी राय, दीपक श्रीवास्तव, नैना गुप्ता, आस्था पाण्डेय, शिवम सिंह, जगदीश, सुनील कुमार गुप्ता, कमलेश प्रसाद श्रीवास्तव, उर्मिला गुप्ता, ब्रम्हानन्द त्रिपाठी, बचऊ प्रसाद, मनीष कुमार गुप्ता, दिव्यांश, सरोज पाण्डेय, किरन गुप्ता, बिपिन सिंह, गौरी शंकर गुप्ता, सोनी श्रीवास्तव घायल हुए हैं, जिनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य यात्रियों को उनके गंतव्य स्थान पर पहुंचाने का कार्य भी अन्य बसों के माध्यम से किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/पीयूष

/राजेश