कंचौसी रेलवे स्टेशन सोलर पैनल से होगा लैस, बिजली कटौती की चिंता होगी खत्म

 


औरैया, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कंचौसी रेलवे स्टेशन अब सौर ऊर्जा से रोशन होगा। रेलवे ने बिजली बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए स्टेशन पर 50 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगाने की योजना बनाई है। इसके तहत स्टेशन के मुख्य भवन की छत और प्लेटफॉर्म के टिनशेड पर सोलर पैनल स्थापित किए जाएंगे।

सोलर ऊर्जा से स्टेशन पर ट्रेनों की मॉनिटरिंग प्रणाली, वाटर कूलर, ट्यूब लाइट, पंखे और अन्य विद्युत उपकरण संचालित होंगे। इससे स्टेशन की बिजली पर निर्भरता कम होगी और बिजली कटौती के दौरान भी यात्रियों को अंधेरे या गर्मी की परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी प्रयागराज शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि इस परियोजना की लागत 10 लाख रुपये से अधिक है। सोलर पैनल लगने से बिजली की खपत में कमी आएगी और रेलवे को ऊर्जा बचत में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार