उत्तर प्रदेश में कानपुर से ‘सूर्य रथ’ अभियान की शुरुआत, हर घर सोलर पर जोर: नीलिमा कटियार
कानपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। सौर ऊर्जा अपनाकर हम न केवल पर्यावरण संरक्षण को मजबूत कर सकते हैं, बल्कि भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को सुरक्षित और किफायती बना सकते हैं। ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ आम लोगों के लिए बड़ा अवसर है और इसे घर-घर तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। यह बातें सोमवार को कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार ने कही।
उत्तर प्रदेश में पहली बार कानपुर नगर से ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के तहत सिटी एक्सीलरेटर प्रोग्राम (सीएपी) का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन यूपी नेडा के सहयोग से नेशनल सोलर एनर्जी फेडरेशन ऑफ इंडिया (एनएस ईएफआई) और रॉकी माउंटेन इंस्टीट्यूट (आरएमआई) द्वारा किया गया, जिसका उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन और परियोजना निदेशक आलोक कुमार सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान यूपी नेडा के परियोजना अधिकारी राकेश पाण्डेय ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए नागरिकों को योजना से जोड़ा जाएगा और उनके बिजली बिल में कमी लाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘सोलर रथ’ रहा, जिसे अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। अभियान के तहत घर-घर सम्पर्क, डिजिटल प्रचार और जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाएगी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, 100 से अधिक वेंडर, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अतिथियों ने नागरिकों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए इसे स्वच्छ और आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप