विपक्ष के नैरैटिव को बेनकाब करेंगे भाजपा के सोशल मीडिया वारियर्स

 




लखनऊ, 10 सितंबर (हि.स.)। आगामी विधान सभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी सोशल मीडिया पर विपक्ष को मात देने के लिए बूथस्तर तक अपने कार्यकर्ताओं को तैयार कर रही है। भाजपा के सोशल मीडिया वारियर्स विपक्ष के नैरैटिव को तथ्यों के आधार पर बेनकाब करेंगे। इस संबंध में गुरूवार को भारतीय जनता पार्टी सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश कार्यशाला प्रदेश भाजपा मुख्यालय में संपन्न हुई। कार्यशाला में सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर संगठन की प्रभावी उपस्थिति, केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा विपक्ष द्वारा फैलाये जा रहे नकारात्मक एवं भ्रामक नैरैटिव के तथ्यात्मक प्रतिकार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि हमें नैरेटिव फालोअर नहीं बल्कि नैरेटिव सेटर बनना है। विपक्ष झूठ, फरेब और अफवाहों के माध्यम से नकारात्मक वातावरण बनाने का काम करता है, उसका प्रभावी जबाब सत्य और तथ्य के आधार पर देना होगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जिस प्रकार बूथ पर और हर घर तक हमारी सशक्त उपस्थिति से हम पार्टी की विचारधारा, पार्टी के कार्यक्रम व अभियान तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ पहुंचेगे, उसी सजगता और प्रतिबद्धता के साथ सोशल मीडिया के प्रत्येक प्लेटफार्म पर संगठन को सक्रिय रहना होगा।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया वारियर्स को मुस्तैदी से विपक्ष के झूठे नैरेटिव को बेनक़ाब करना होगा। उन्होंने कहा कि बूथ तक के कार्यकर्ता को डिजिटली सशक्त किया जाय। विपक्ष के झूठे एवं नकारात्मक दुष्प्रचार का तथ्यात्मक, तर्कपूर्ण और समय से जबाब देने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम का गठन किया जाय।

धर्मपाल सिंह ने कहा सोशल मीडिया केवल संदेश प्रसारित करने का माध्यम नहीं है बल्कि जनता से निरंतर संवाद का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया को स्थानीय स्तर के विकास कार्याे, लाभार्थियों के अनुभवों तथा पार्टी के कार्यक्रमों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बनाइए।

राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने कहा कि कार्यकर्ता डिजिटली मुखर एवं सक्रिय हों, जिससे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा सके। बडी संख्या में युवाओं को अपने साथ जोडिए और भाजपा की विचारधारा एवं कार्यक्रमों जोड़कर उन्हें भाजपा के साइबर योद्धा बनाइए।

राष्ट्रीय सहसंयोजक शिवानंद द्विवेदी ने सोशल मीडिया के बदलते स्वरूप, विभिन्न डिजिटल प्लेटफार्म की प्रकृति एवं प्रभावी कंटेट निर्माण पर संवाद किया।

प्रदेश संयोजक हिमांशु राज पंडित की उपस्थिति में आयोजित प्रदेश कार्यशाला में सोशल मीडिया विभाग के क्षेत्रीय संयोजक व सहसंयोजक व जिला संयोजक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन