सामाजिक समरसता ही संगठित हिंदू समाज और सशक्त राष्ट्र का आधार : डॉ. शिवस्वरूप विश्वकर्मा

 


कानपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। सामाजिक समरसता हिंदू समाज की एकता और शक्ति का आधार है। जाति, पंथ और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को स्वयं को एक हिंदू परिवार का सदस्य मानना चाहिए। भगवान शिव के चरणों में सभी समान हैं। सनातन परंपरा में शिव बारात से लेकर भगवान राम के वनवास तक हर युग में समरसता का भाव देखने को मिलता है। समरस हिंदू समाज ही संगठित हिंदू समाज है और संगठित हिंदू समाज ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है। यह बातें रविवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के प्रांत समरसता प्रमुख डॉ. शिवस्वरूप विश्वकर्मा ने रविवार को गोला घाट, लोकमान्य नगर में आयोजित रुद्राभिषेक कार्यक्रम के दौरान कहीं।

विहिप के सामाजिक समरसता विभाग, कानपुर उत्तर की ओर से गोला घाट, लोकमान्य नगर में रुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। गांधी नगर प्रखंड के वेद विद्यालय के आचार्यों और बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक कराया। कार्यक्रम में विभिन्न जातियों के 50 हिंदू परिवारों के करीब 200 लोगों ने सहभागिता की।

रुद्राभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन किया। आयोजन के माध्यम से सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुटता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। स्थानीय लोगों ने भी विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ रुद्राभिषेक में सहभागिता की।

कार्यक्रम में बाबू लाल निषाद, बउआ और लखन समेत कई स्थानीय लोगों ने सक्रिय सहभागिता की। आयोजकों ने कहा कि विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों का एक साथ धार्मिक आयोजन में शामिल होना सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करता है।

कार्यक्रम के समापन पर गंगा आरती की गई और 251 दीपों का दीपदान हुआ। घाट पर एक साथ जलाए गए दीपों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इसके बाद श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं को प्रसाद वितरित किया गया।

कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के कानपुर प्रांत के विशेष संपर्क प्रमुख सुबोध कटियार, प्रांत समरसता टोली सदस्य रवि वर्मा, विभाग संगठन मंत्री मनीष, विभाग सह संयोजिका मातृशक्ति शीलू, विभाग सह संयोजिका दुर्गावाहिनी अर्चिता, जिलाध्यक्ष एसके गुप्ता, जिला मंत्री युवराज द्विवेदी, जिला सह मंत्री अनुराग श्रीवास्तव, जिला सह मंत्री कालीचरण जायसवाल, जिला समरसता प्रमुख राजकुमार यादव, जिला सह समरसता प्रमुख आशीष सिंह, विनोद जायसवाल, जिला संयोजक बजरंग दल मोहित, अनुभव श्रीवास्तव, सचिन, विनय चौरसिया, विजय कृष्ण दीक्षित, अनूप सिंह, ऋषभ पांडेय और कार्तिकेय समेत जिले व प्रखंड के कार्यकर्ता तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप