लव जिहाद के विरोध में सामाजिक जागरुकता जरूरी : ज्योति बाबा
कानपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। समाज में बढ़ रहे लव जिहाद जैसे मामलों को लेकर लोगों को सतर्क और जागरूक रहने की आवश्यकता है, रिश्तों में पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है तथा किसी भी प्रकार के छल से बचना हर परिवार की जिम्मेदारी है। बेटियों की सुरक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए समाज को एकजुट होकर जागरूकता फैलानी चाहिए।
यह बातें मंगलवार को कानपुर में अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति अभियान के प्रमुख व वरिष्ठ समाजसेवी ज्योति बाबा ने कही। ज्योति बाबा ने कहा कि कई मामलों में यह देखने को मिला है कि पहचान छिपाकर रिश्ते बनाए जाते हैं और बाद में परिस्थितियां बदल जाती हैं। ऐसे में युवाओं, विशेषकर बेटियों को पहले से जागरूक और सतर्क रहना चाहिए, ताकि वे किसी भी प्रकार के भ्रम या धोखे का शिकार न हों।
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग ऐसे माध्यमों का उपयोग कर अपने उद्देश्य पूरे करने का प्रयास करते हैं और उनके अनुसार इससे जनसंख्या से जुड़े पहलुओं पर भी असर पड़ता है। इसलिए समाज को इस विषय पर गंभीरता से विचार करने और जागरूक रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसी भी संबंध में विश्वास और स्पष्टता सबसे महत्वपूर्ण होती है। यदि किसी रिश्ते की शुरुआत ही छिपाव या झूठ पर आधारित हो, तो वह आगे चलकर गंभीर समस्याओं का कारण बन सकता है। इसलिए जरूरी है कि हर व्यक्ति सोच-समझकर और पूरी जानकारी के साथ ही कोई निर्णय लें।
ज्योति बाबा ने परिवारों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों के साथ खुलकर संवाद करें और उन्हें सही-गलत की पहचान कराएं। साथ ही बेटियों को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने पर जोर दें, ताकि वे किसी भी परिस्थिति में खुद को सुरक्षित रख सकें। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और जागरूकता ही ऐसे मामलों को रोकने में सबसे प्रभावी साबित हो सकती है। जब लोग सजग रहेंगे और एक-दूसरे को जागरूक करेंगे, तभी सकारात्मक बदलाव संभव होगा। अंत में बाबा ने सभी लोगों से अपील की कि वे अपने-अपने स्तर पर जागरूकता फैलाएं, सतर्क रहें और समाज में सुरक्षित व स्वस्थ वातावरण बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप