लखनऊ में 04 मार्च को निकलेगी भगवान नरसिंह की भव्य रंग भरी शोभा यात्रा
लखनऊ, 02 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, लखनऊ द्वारा होली के पावन अवसर पर भगवान नरसिंह रंग भरी भव्य शोभा यात्रा एवं होली उत्सव का आयोजन 04 मार्च को प्रात: 9:00 बजे राम लीला मैदान ऐशबाग से किया जाएगा। इस आयोजन में नगर के गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी सपरिवार सम्मिलित होंगे। शोभा यात्रा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वान्त रंजन शामिल होंगे। यह जानकारी सोमवार को रामलीला मैदान ऐशबाग में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान प्रबंधक समिति के सदस्यों ने दी। प्रबंधक समिति ने बताया कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं से परिचित कराने का सशक्त माध्यम हैं। यात्रा रामलीला मैदान ऐशबाग से प्रारंभ होकर के बाबूलाल चौराहा याहियागंज शास्त्री नगर चौराहा कपूर मोटर्स होते हुए पुन: प्रारंभ स्थल पर विराम लेगी।मीडिया प्रभारी अभय उपाध्याय ने बताया सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शोभा यात्रा, भजन-कीर्तन, पुष्प वर्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रंगोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिससे समाज में आपसी भाईचारा, समरसता और राष्ट्रभक्ति की भावना सुदृढ़ हो सके।इस अवसर पर कार्यक्रम संचालन एवं व्यवस्था हेतु समिति का गठन किया गया है, जिसमें समिति प्रबंधक अनुज गुप्ता व प्रकाश सिंह मीडिया प्रभारी एवं अन्य व्यवस्थापक अनिल व मोहित को जिम्मेदारी दी गयी है। आयोजन समिति ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन