सो रही महिला के पैरों पर गिरे गार्डर पत्थर

 

हाथरस, 16 अगस्त (हि.स.)। जलेसर रोड स्थित नगला केसरी में देर रात एक महिला घर में सो रही थी, तभी अचानक छत का गार्डर और पत्थर टूटकर गिर गए। इस हादसे में महिला के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, नगला केसरी निवासी विपनेश अपने परिवार के साथ एक पुराने मकान में रहते हैं। शनिवार रात करीब 11 बजे परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान विपनेश की 38 वर्षीय पत्नी विमलेश के कमरे की छत का गार्डर और पत्थर अचानक टूटकर उनके पैरों पर आ गिरे। हादसे के बाद विमलेश की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य जाग गए। उन्होंने तत्काल मलबे को हटाकर महिला को बाहर निकाला। परिजन घायल विमलेश को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने महिला के दोनों पैरों की चोटों का प्राथमिक उपचार किया। चोटें गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना