एसएमएस लखनऊ की सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम : शरद सिंह

 


लखनऊ, 25 अगस्त (हि.स.)। संस्थान की उपलब्धियां और प्रगति एसएमएस परिवार के प्रत्येक सदस्य की मेहनत, निष्ठा, प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। सभी के साझा योगदान से संस्थान ने निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। यह बातें मंगलवार को एसएमएस लखनऊ के 19वें स्थापना दिवस समारोह में संस्थान के सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शरद सिंह ने कहीं।

स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (एसएमएस) लखनऊ का 19वां स्थापना दिवस समारोह संस्थान परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना और सुंदरकांड पाठ से हुई। धार्मिक अनुष्ठान शरद सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

समारोह में शरद सिंह की माता उर्मिला सिंह, एसएमएस लखनऊ की सलाहकार श्वेता सिंह, एनजीओ ला फिदुच्ची के अध्यक्ष यश सेंगर और एसएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की गवर्निंग काउंसिल के सदस्य डॉ. चंद्र मौली द्विवेदी मौजूद रहे।

इसके बाद बहुउद्देशीय सभागार में सम्मान समारोह हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के संस्थापक और पूर्व संयुक्त आयुक्त, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, स्वर्गीय सतीश कुमार सिंह के स्मरण से हुई। उनके योगदान और संस्थान की स्थापना के लिए किए गए प्रयासों को याद किया गया।

समारोह में एसएमएस लखनऊ में 10 वर्ष से अधिक समय से सेवाएं दे रहे 17 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। संस्थान की ओर से उनकी दीर्घकालीन सेवा, निष्ठा और योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

उत्कृष्ट कार्य और संस्थान के विकास में योगदान के लिए डॉ. भरत राज सिंह, महानिदेशक (तकनीकी), तथा डॉ. जगदीश सिंह, निदेशक (प्रशासन एवं एडमीशन्स), को प्राइड ऑफ स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज लखनऊ अवॉर्ड दिया गया।

एसके सिंह मेमोरियल एसएमएस सर्वश्रेष्ठ ग्रेजुएट एवं पोस्ट ग्रेजुएट अवॉर्ड-2026 के तहत बीबीए के छात्र सारांश पाण्डेय, बीटेक सीएसई की छात्रा अंशिका चतुर्वेदी और एमबीए की छात्रा श्रेया सिन्हा को पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

समारोह में निदेशक डॉ. आशीष भटनागर, एसोसिएट निदेशक डॉ. धर्मेंद्र सिंह, चीफ जनरल मैनेजर सुरेंद्र श्रीवास्तव, रजिस्ट्रार शेष नारायण शुक्ला, डीन (एकेडमिक्स) डॉ. मोहम्मद हुसैन, डीन (स्टूडेंट वेलफेयर) डॉ. पीके सिंह और डिप्टी जनरल मैनेजर राहुल अवस्थी समेत सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप