स्मार्ट मीटर पखवाड़ा का समापन, उपभोक्ताओं को मिलीं व्यापक सहूलियतें

 




लखनऊ, 23 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की ओर से 9 फरवरी से शुरू किया गया स्मार्ट मीटर पखवाड़ा 23 फरवरी को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। इस दौरान लखनऊ, बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत में व्यापक स्तर पर उपभोक्ता जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन 25 उपखंडों पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए। लखनऊ में करीब 4700, बरेली में 3200, शाहजहांपुर में 2357, पीलीभीत में 1132 और बदायूं में करीब 2700 उपभोक्ताओं ने सहायता केंद्रों पर पहुंचकर स्मार्ट मीटर से जुड़ी जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याओं का समाधान कराया।

जागरूकता पखवाड़ा के दौरान उपभोक्ताओं को कई प्रकार की सहूलियतें प्रदान की गईं। हेल्प डेस्क के साथ-साथ उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, रिचार्ज प्रक्रिया और बिलिंग प्रणाली की जानकारी दी गई।

उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन में यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप इंस्टॉल कराकर उन्हें बिजली खपत की रियल टाइम, मॉनिटरिंग और ऑनलाइन रिचार्ज की सुविधा से अवगत कराया गया। स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों को मौके पर ही सुना और निस्तारित किया गया।

मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि जागरूकता अभियान के दौरान स्मार्ट मीटर के फायदे विस्तार से बताए गए, जिसकी उपभोक्ताओं में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली। चैक मीटर के माध्यम से पारंपरिक मीटरों की तुलना कर स्मार्ट मीटर की पारदर्शी और सटीक कार्यप्रणाली भी समझाई गई।

निगम ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने अपने घरों में स्मार्ट मीटर लगवाकर इस सुविधा का लाभ उठाएं और डिजिटल व्यवस्था को अपनाने में सहयोग करें। उत्तर प्रदेश में 3 करोड़ 9 लाख 78 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर इंस्टॉल किए जाने हैं। जिनमें से 83 लाख 92 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर इंस्टॉल किए जा चुके हैं।

इसलिए जरूरी है स्मार्ट मीटर

स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को वास्तविक समय की बिजली खपत की जानकारी प्रदान करते हैं, जिससे वे अपनी खपत पर नजर रख सकते हैं और ऊर्जा की बचत कर सकते हैं। इस स्मार्ट मीटर से गलत बिजली बिल की संभावना नहीं रहती है। उपभोक्ताओं को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी खपत पर नजर रखने की सुविधा मिलती है, साथ ही बिजली कटौती की जानकारी भी पहले से मिल जाती है। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर में लोड मैनेजमेंट की सुविधा भी है, जो अधिक बिजली खपत होने पर उपभोक्ताओं को अलर्ट कर देती है।

रिचार्ज की प्रक्रिया को अब और भी तेज कर दिया गया है, ऐप में लॉगिन करते ही आपको 'Pay Now' या 'Recharge' का विकल्प दिखेगा। अपना अकाउंट नंबर सुनिश्चित करें और वह राशि (Amount) भरें जितने का आप रिचार्ज करना चाहते हैं। भुगतान करने के लिए UPI (QR Code), नेट बैंकिंग या डेबिट कार्ड में से अपनी पसंद का विकल्प चुनें। पेमेंट सफल होते ही आपके स्मार्ट मीटर का बैलेंस तुरंत अपडेट हो जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा