स्मार्ट क्लास का लोकार्पण बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम : मो. हसन रूमी

 


कानपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। वर्तमान समय में शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना भी आवश्यक है, जिससे वे बदलते समय की जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें। स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिलेगा और उन्हें डिजिटल शिक्षा का लाभ प्राप्त होगा। यह बातें शनिवार को जाजमऊ स्थित डीटीएस जूनियर हाईस्कूल में स्मार्ट क्लास के लोकार्पण के अवसर पर छावनी विधानसभा से समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक मो. मोहम्मद हसन रूमी ने कहीं।

विधायक ने शनिवार को डीटीएस जूनियर हाईस्कूल में स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिलेगा और उन्हें डिजिटल शिक्षा का लाभ प्राप्त होगा। स्मार्ट क्लास से पढ़ाई अधिक प्रभावी और रुचिकर बनेगी तथा बच्चों की सीखने की क्षमता में भी वृद्धि होगी।

विधायक ने कहा कि विद्यालय में भविष्य में कंप्यूटर कक्षाएं शुरू कराने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा का पूरा लाभ मिल सके और वे तकनीकी रूप से अधिक सक्षम बन सकें। विद्यालय के प्रधानाचार्य नासिर खान ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। स्मार्ट क्लास के माध्यम से ऑडियो-वीडियो आधारित शिक्षण उपलब्ध होगा, जिससे विद्यार्थियों को विषयों को समझने में आसानी होगी और उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार आएगा।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि स्कूल लगातार आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कार्य कर रहा है। स्मार्ट क्लास का लोकार्पण उसी प्रयास का हिस्सा है। आने वाले समय में कंप्यूटर शिक्षा सहित अन्य तकनीकी सुविधाएं भी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने की योजना है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। विद्यालय परिवार ने अतिथियों का स्वागत किया और विश्वास जताया कि आधुनिक संसाधनों से जुड़ने के बाद विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिलेगा तथा उनके सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप