कौशल प्रशिक्षण काे लेकर गरीब एवं वंचित वर्ग के लिए मंजूर हुए 50 करोड़ रुपये

 


लखनऊ, 20 जुलाई(हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गरीब एवं वंचित वर्ग के लोगों को कौशल प्रशिक्षण से जोड़कर उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए योगी सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में ’जीरो पॉवर्टी उत्तर प्रदेश अभियान’ के अंतर्गत आच्छादित जन को अल्पकालिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए 50 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने साेमवार काे बताया कि योगी सरकार की मंशा है कि प्रशिक्षण के माध्यम से लाभार्थियों को उद्योगों एवं रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाया जाए, जिससे वे रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ सकें। इस पहल से जीरो पॉवर्टी उत्तर प्रदेश अभियान को कौशल विकास और रोजगार से जोड़ते हुए प्रदेश के गरीब एवं वंचित परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने में मदद मिलेगी।

शासनादेश के अनुसार, यह धनराशि अनुदान संख्या-69 के अंतर्गत श्रम, रोजगार एवं कौशल विकास से संबंधित मद से स्वीकृत की गई है। इस राशि का उपयोग जीरो पॉवर्टी उत्तर प्रदेश अभियान के तहत चिन्हित एवं आच्छादित लोगों को अल्पकालिक कौशल प्रशिक्षण देने के लिए किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय