प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने किया शिवरी प्लांट का निरीक्षण

 


लखनऊ, 16 मई (हि.स.)। लखनऊ नगर निगम द्वारा शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत शनिवार को प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों के एक दल ने शिवरी स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने नगर निगम द्वारा संचालित कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था, अपशिष्ट पृथक्करण और वैज्ञानिक निस्तारण की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझा।

निरीक्षण के दौरान एसएफआई जितेंद्र वर्मा ने प्रशिक्षु अधिकारियों को शिवरी प्लांट में प्रतिदिन आने वाले कूड़े के संग्रहण, छंटाई और निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर से एकत्रित होने वाले ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

इसके अलावा प्रशिक्षु अधिकारियों को नगर निगम द्वारा स्थापित एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर का भी निरीक्षण कराया गया। यहां उन्हें सूखे और गीले कचरे के पृथक्करण, रिसाइक्लिंग प्रक्रिया तथा उपयोगी सामग्री को पुनः इस्तेमाल में लाने की प्रणाली के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने देखा कि किस प्रकार आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर कूड़े को संसाधन में परिवर्तित करने का कार्य किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों में विद्यांशु शेखर झा, श्वेता, आदित्य विक्रम अग्रवाल एवं थनागई अरासन उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने लखनऊ नगर निगम के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन मॉडल की सराहना करते हुए इसे प्रभावी और पर्यावरण हितैषी बताया। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा स्वच्छता और कूड़ा निस्तारण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य अन्य नगर निकायों के लिए भी प्रेरणादायी हैं।

इस अवसर पर अधिकारियों ने प्लांट की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की और नगर निगम के अधिकारियों से संचालन व्यवस्था को लेकर चर्चा भी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन