सीतापुर में सपा व कांग्रेस का चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन
सीतापुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर में गुरुवार काे समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अलग-अलग विरोध प्रदर्शन किया। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए।
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओ ने लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत गुरुवार काे सीतापुर की सड़कों पर 'वोट बचाओ -देश बचाओ के नारों के साथ मार्च किया।
जिलाध्यक्ष शमीम कौसर एवं विधान परिषद में नेेता प्रतिपक्ष एमएलसी जास्मीर अंसारी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस से उनकी झड़प भी कई बार हो गई। पुलिस ने पुतला छीनने का प्रयास किया, जिससे धक्का-मुक्की हुई। सपा नेताओं का आरोप है कि चुनाव आयोग सत्तारूढ़ दल के इशारे पर काम कर रहा है और निष्पक्ष चुनाव नहीं करा रहा है। उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ी का भी आरोप लगाया।
वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय व शहर स्थिति डॉ अंबडेकर पार्क में एकत्र होकर जुलूस निकालकर विरोध जताया। जिला अध्यक्ष ममता वर्मा एवं शहर अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस जनों ने विरोध प्रदर्शन व नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी राजा गणपति आर को सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं और लोकतंत्र खतरे में है।
आंदोलन में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष शमीम कौसर सिद्दीकी, विधायक अनिल कुमार वर्मा, पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा, पूर्व मंत्री रामपाल राजवंशी, पूर्व विधायक अनूप गुप्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह देव तथा पूर्व विधायक रमेश राही सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, नेता एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma