सीतापुर के टाउन हॉल में सरकारी भूमि पर बने सपा कार्यालय पर चला बुलडोजर

 


सीतापुर, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत सोमवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां टाउन हॉल परिसर में स्थित समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यालय पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। सोमवार सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई को लेकर पूरे शहर में चर्चा का माहौल बना रहा।

टाउन हॉल परिसर की भूमि को लेकर लंबे समय से प्रशासनिक प्रक्रिया चल रही थी। सिटी मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पांडे ने बताया कि संबंधित भूमि सरकारी अभिलेखों में दर्ज है और उसे खाली कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। दो दिन पूर्व समाजवादी पार्टी द्वारा कार्यालय खाली कर दिए जाने के बाद सोमवार सुबह निर्माणधीन कार्यालय के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर द्वारा निर्माण को हटाया गया। स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को देखा। प्रशासन ने इसे सरकारी संपत्ति को अतिक्रमण से मुक्त कराने की नियमित प्रक्रिया बताया है। वहीं, इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

उल्लेखनीय है कि टाउन हाल परिसर में पिछले 20 साल से सपा का कार्यालय था। सीतापुर जिला प्रशासन ने नजूल भूमि पर बने इस कार्यालय को पिछले दिनों अवैध बताकर खाली करने का नोटिस दिया था। कार्यालय खाली करने के लिए प्रशासन द्वारा सोमवार सुबह 10 बजे तक का समय दिया था, परंतु आज भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्यालय को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया गया।

इस बुलडाेजर कार्रवाई काे लेकर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव ने कहा कि यह प्रशासन का तानाशाही पूर्ण रवैया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma