आयुष्मान आरोग्य मंदिर का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, चिकित्सक समेत तीन के वेतन काटने के निर्देश

 


सीतापुर, 07 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर जहांगीराबाद का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी जब प्रसव कक्ष पहुंचे तो वहां अव्यवस्थाएं देख उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। मौके पर स्टाफ नर्स अनुपस्थित मिलने पर उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ड्यूटी पर चिकित्सक के अनुपस्थित पाए जाने पर उनका भी एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए गए।

जिलाधिकारी ने दवाओं की उपलब्धता और रख-रखाव की भी जांच की। जांच में फार्मासिस्ट द्वारा दवाओं का सही ढंग से रख-रखाव न किए जाने और दवाएं ठीक से प्रदर्शित न होने पर फार्मासिस्ट को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने तथा एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।

इसके अलावा आयुष्मान आरोग्य मंदिर में पाई गई अन्य कमियों को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी चिकित्साधिकारी बिसवां से स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी मरीजों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma