औरैया : बहन की डोली उठते ही भाई की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
- भाई का शव देख बेसुध हुई बहन, पांच माह के मासूम के सिर से उठा पिता का साया
औरैया, 21 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल क्षेत्र के ग्राम मौहारी में एक हृदयविदारक घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। घर में बहन की शादी की रस्में चल रही थीं। बारात का स्वागत हुआ और धूमधाम से विवाह संपन्न हुआ। बेटी की विदाई के बाद परिवार अभी खुशियों के माहौल से उबर भी नहीं पाया था कि भाई की मौत की खबर आ गई। जिस घर से कुछ देर पहले बहन की डोली उठी थी, उसी घर से भाई की अर्थी उठने की तैयारी होने लगी। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्राम मौहारी निवासी प्रमोद नागर उर्फ राजू नागर वर्तमान में बीएसएफ में तैनात हैं। उनकी बेटी ज्योति का विवाह दिवियापुर निवासी युवक के साथ तय हुआ था। 20 नवंबर को गांव स्थित जानकी गेस्ट हाउस में विवाह समारोह आयोजित किया गया था। परिवार के लोग शादी की तैयारियों में जुटे थे। बारात पहुंचने के बाद हंसी-खुशी के माहौल में विवाह की रस्में संपन्न हो रही थीं। इसी बीच प्रमोद नागर के बड़े बेटे विक्रम नागर की मौत की खबर ने परिवार को झकझोर दिया।
बताया गया कि विक्रम की करीब एक सप्ताह पहले तबीयत खराब हुई थी। परिजन उन्हें उपचार के लिए कानपुर ले गए थे। इसके बाद आगरा में भी उनका इलाज चल रहा था। बहन की शादी के बीच हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। विक्रम एक निजी विद्यालय में अध्यापन कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके छोटे भाई प्रद्युम्न नागर मध्य प्रदेश की एक कंपनी में नौकरी करते हैं।
भाई की मौत की जानकारी मिलने पर शादी समारोह में सन्नाटा पसर गया। विदाई के बाद जब बहन को इस दुखद घटना की जानकारी हुई और वह वापस लौटी तो भाई का शव देखकर बेसुध हो गई। पिता प्रमोद नागर और मां का रो-रोकर बुरा हाल था। पत्नी नीतू पति के वियोग में बिलखती रही। परिवार का करुण क्रंदन सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
विक्रम अपने पीछे तीन पुत्रों को छोड़ गए हैं। इनमें बड़े बेटे यश प्रताप और अभि प्रताप हैं, जबकि सबसे छोटा बेटा महज पांच माह का है। पिता की मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। एक ओर घर में बेटी की शादी की खुशियां थीं तो दूसरी ओर बेटे की असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। इस घटना से पूरा मौहारी गांव गमगीन है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार