उप्र सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक 28 जून को सहारनपुर में
लखनऊ, 27 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की चतुर्थ महत्वपूर्ण बैठक 28 जून 2026 को होटल अमर वाटिका सहारनपुर में आयोजित की जाएगी। बैठक का शुभारंभ दोपहर 12:30 बजे होगा। इस महत्वपूर्ण बैठक की मेजबानी सरदार गुरप्रीत सिंह बग्गा करेंगे।
श्री गुरु सिंह सभा सहारनपुर के सहयोग से आयोजित इस बैठक में सहारनपुर मंडल सहित प्रदेश के लगभग 25 जिलों के गुरुद्वारा प्रतिनिधि, संत-महात्मा, विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षिक संस्थाओं के पदाधिकारी तथा दिल्ली एवं पंजाब से भी बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरविन्दर सिंह लार्ड ने शनिवार को उक्त बैठक की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के गुरुद्वारों को एक सशक्त संगठनात्मक ढांचे से जोड़ना, गुरुद्वारा प्रबंधन को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना तथा समाज हित के कार्यों को नई दिशा प्रदान करना है। बैठक में गुरुद्वारा प्रबंधन, शिक्षा, युवाओं के रोजगार, महिला सशक्तीकरण, चिकित्सा सहायता, लंगर सेवा, पर्यावरण संरक्षण, आपदा राहत तथा सामाजिक सेवा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
कमेटी के धर्मवीर सिंह बग्गा ने बताया कि संगठन के प्रदेशव्यापी विस्तार, जिला एवं मंडल स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्ति तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। मंजीत सिंह तलवार व निर्मल सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि बैठक में विशेष रूप से सिख एवं पंजाबी समाज के बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आईएएस–पीसीएस प्रतियोगी परीक्षाओं के मार्गदर्शन, स्किल डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य से संबंधित योजनाओं पर चर्चा कर उन्हें धरातल पर उतारने के लिए ठोस निर्णय लिए जाएंगे।
बैठक के मेजबान सरदार गुरप्रीत सिंह बग्गा ने बताया कि धर्म परिवर्तन जैसे संवेदनशील विषय पर भी गंभीरता से विचार किया जाएगा। प्रभावित क्षेत्रों में जन-जागरूकता अभियान चलाने तथा जरूरतमंद परिवारों को शैक्षिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
प्रयागराज से कमेटी के कोषाध्यक्ष हरविन्दर सिंह विक्की ने बताया कि प्रदेश के सिख एवं पंजाबी समाज का व्यापक डाटा संकलित करने के लिए एक विशेष प्रपत्र (फॉर्म) जारी किया जाएगा, जिसके माध्यम से पूरे उत्तर प्रदेश में समाज की विस्तृत डायरेक्टरी तैयार करने का अभियान प्रारंभ किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी हरजीत सिंह (लखनऊ) ने बताया कि लखनऊ, कानपुर, बहराइच, गोरखपुर, प्रयागराज सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों के गुरुद्वारा प्रबंधक एवं समाज के प्रमुख प्रतिनिधि इस बैठक में विशेष रूप से भाग लेंगे। कमेटी के महासचिव सरदार सुरेन्द्र पाल सिंह बक्शी ने प्रदेश की सभी गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों, समाजसेवियों एवं सिख संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में बैठक में सहभागी बनकर इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा