मुरादाबाद : बेटियों की ढाल बनीं शोहदों पर शिकंजा कसने वाली एसआई समीक्षा ठाकुर सम्मानित
-मेरठ के सरूरपुर खुर्द थाना क्षेत्र के पांची गांव की होनहार बेटी है समीक्षा ठाकुर
मुरादाबाद, 11 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्र में पूरा जनपद मां दुर्गा की आराधना में लीन है। पंडालों और मंदिरों में घंटियां गूंज रही हैं, और उसी समय सड़कों, बाजारों, चौराहों और गांव की चौपालों पर शक्ति का एक और रूप दिख रहा है। खाकी वर्दी में मुस्तैद महिला पुलिसकर्मी। इस मोर्चे का प्रतिनिधि रूप मुरादाबाद में मिशन शक्ति सेल प्रभारी पुलिस उप निरीक्षक समीक्षा ठाकुर नवरात्र विशेष-दो सुरक्षा की शक्ति के लिए सम्मानित हुई है। पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह और पुलिस अधीक्षक देहात कुमार आकाश सिंह रविवार को शारदीय नवरात्र प्रारंभ होने के अवसर पर समीक्षा ठाकुर को सम्मानित किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मैं अपनी ड्यूटी पर हूं, आप सुरक्षित हैं... के उद्देश्य को लेकर अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभा रही
मेरठ के सरूरपुर खुर्द थाना क्षेत्र के पांची गांव की बेटी महिला उप निरीक्षक समीक्षा ठाकुर मुरादाबाद की बेटियों की ढाल बनीं हुई है और शोहदों पर लगातार शिकंजा कस कर रही है। समीक्षा मानती हैं कि महिलाएं सिर्फ चहारदीवारी या सुरक्षित नौकरियों के लिए नहीं बनी हैं। वे खाकी पहनकर हर बहन-बेटी की ढाल भी बन सकती हैं। समीक्षा इसी संकल्प के साथ दिन-रात आधी आबादी को अभयदान देने में जुटी हैं।
30 जून 2019 को पुलिस सेवा में शामिल होकर उन्होंने प्रशिक्षण पूरा किया और संकल्प लिया कि पीड़ितों की आवाज बनेंगी और उनका संकोच मिटाएंगी। आज वह ग्रामीण परिवेश की हर उस बेटी के लिए मिसाल हैं, जो सपनों को पंख देना चाहती है।
गांव की दहलीज से खाकी तक
मां दुर्गा का एक रूप दृढ़ता का है और समीक्षा की कहानी इसी से शुरू होती है। मेरठ के सरूरपुर खुर्द थाना क्षेत्र के पांची गांव में जन्मी इस बेटी ने उस दौर में पढ़ाई और नौकरी का सपना देखा, जब गांवों में लड़कियों के लिए सोच बेहद सीमित थी। उन्होंने देखा कि अधिसंख्य महिलाएं लोकलाज व डर के मारे छेड़खानी व उत्पीड़न की तकलीफ दिल में दफन कर लेती थीं। यही टीस उनकी प्रेरणा बनी।
जिम्मेदारी मिलने से बढ़ा आत्मविश्वास
समीक्षा ठाकुर कहती हैं कि पहले पुलिसिंग को केवल पुरुषों का दायित्व माना जाता था। अब हर बीट, हर चौराहे और संवेदनशील स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी मिलने से उनका आत्मविश्वास कई गुना बढ़ा है। नवरात्र के अवसर पर उनका संदेश साफ है कि हर बेटी और महिला बिना किसी भय के अपने सपने पूरे करे, उनकी सुरक्षा और संबल के लिए योगी सरकार की पुलिस चौबीसों घंटे तैनात है।
एसआई सोनम पुनिया की टीम ने अश्लील फब्तियां कसने वाला शोहदा दबोचा
शोहदों पर जीरो टॉलरेंस का कहर
समीक्षा बताती हैं कि जिले के सभी 20 थानों में एंटी रोमियो स्क्वाड और मिशन शक्ति केंद्र सक्रिय हैं। स्कूल-कॉलेज खुलने और छूटने के समय, कोचिंग संस्थानों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में विशेष चेकिंग अभियान चलता है। हाल में कटघर थाना क्षेत्र की चौकी दससराय में महिलाओं की शिकायत पर महिला उप निरीक्षक सोनम पुनिया की टीम ने राह चलती युवतियों पर अश्लील फब्तियां कसने वाले एक शोहदे को दबोच कर उसे जेल भेजा। महिला सुरक्षा दस्तों ने भी ऐसे शोहदों के खिलाफ कई मामले दर्ज कराए हैं।
एसआई सुनीता और उनकी टीम ने जेल में निरुद्ध एक महिला के तीन मासूम बच्चों का भविष्य संवारा
खाकी सिर्फ सख्ती का नाम नहीं है, उसमें ममता भी है। समीक्षा बताती हैं कि मूढापाण्डे थाने में मिशन शक्ति सेल की महिला उप निरीक्षक सुनीता और उनकी टीम ने जेल में निरुद्ध एक महिला के तीन मासूम बच्चों का भविष्य संवारा। टीम ने बच्चों को स्कूल में एडमिशन कराया और साल भर की फीस भी जमा कराई। बच्चों के लिए स्कूल ड्रेस व कॉपी-किताबें भी खरीदीं।
इंस्पेक्टर उषा मलिक ने लापता 3 बच्चों को सीसीटीवी फुटेज से तलाशकर परिजनों को सकुशल सौंपा। इसी तरह सिविल लाइंस क्षेत्र से लापता हुए तीन बच्चों को महिला निरीक्षक ऊषा मलिक की टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर तलाशा और सकुशल परिजनों को सौंपा। कोतवाली क्षेत्र में लापता तीन वर्षीय बच्चे को उप निरीक्षक चंद्रप्रभा गौतम की टीम ने एक घंटे के भीतर खोजकर परिवार की गोद में लौटाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल