पूर्ण बहुमत से 2027 में बनेगी सपा की सरकार : श्यामलाल पाल

 


औरैया, 12 सितम्बर (हि. स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के शनिवार को जनपद स्थित साईं मंदिर पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्यामलाल पाल ने कहा कि भाजपा सरकार में सत्ता पक्ष के लोगों तक का सम्मान नहीं हो रहा है। आम जनता अपनी समस्याओं को लेकर परेशान है और उनकी सुनवाई नहीं हो रही। प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार के कथित कुशासन से तंग आ चुकी है और बदलाव चाहती है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी पर विश्वास जताकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। इससे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। जब युवा पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और अपने अधिकारों की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे तो उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर लाठियां बरसाई गईं और उन्हें जेल भेजा गया।

कानून-व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। कहा कि प्रदेश में अपराध और अराजकता का माहौल बना हुआ है। महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचारों के मामले में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। अपराधियों में कानून का भय नहीं रह गया है और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता की समस्याओं को उठाएं और पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाएं। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, सांसद जितेंद्र दोहरे, दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, बिधूना विधायक रेखा वर्मा, पूर्व मंत्री विनोद यादव कक्का, पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, पूर्व विधायक रामजी शुक्ला, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुमन दिवाकर, लालजी शुक्ला, महेंद्र त्रिपाठी, विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार गौतम समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार