मठिया में शुक्रवार से शुरू होगा भव्य श्री श्री रुद्र महायज्ञ, कलश शोभायात्रा से होगा शुभारंभ
गोरखपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद के कुसम्ही क्षेत्र स्थित ग्राम सभा मठिया में शिव मंदिर परिसर में 23 अक्टूबर से भव्य नौ दिवसीय श्री श्री रुद्र महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यज्ञ के माध्यम से क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना, धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता एवं लोककल्याण का संदेश प्रसारित किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार, 23 अक्टूबर, शुक्रवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ होगा। 31 अक्टूबर, शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के बीच पूर्णाहुति संपन्न होगी, जबकि एक नवंबर, रविवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन प्रातः सात बजे से दस बजे तक वैदिक विधि-विधान से पूजन-अर्चन होगा। दोपहर दो बजे से चार बजे तक धार्मिक कथा का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दिन में दस बजे से दो बजे तथा रात्रि आठ बजे से एक बजे तक रामलीला का मंचन होगा। धार्मिक अनुष्ठानों और भगवान श्रीराम की लीलाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं सनातन परंपराओं से परिचित कराया जाएगा।
ग्राम प्रधान चन्द्रिका सिंह ने बताया कि महायज्ञ का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराना नहीं, बल्कि गांव में आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सामूहिक आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करना भी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर यज्ञ दर्शन, कथा श्रवण एवं प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की।
आयोजकों का कहना है कि यह महायज्ञ समस्त ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को लेकर गांव में उत्सव जैसा वातावरण है। श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय