श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति संकल्प : मथुरा में तीरथ सिंह रावत ने किया पवित्र रजत शिला का विधि-विधान से पूजन
मथुरा, 27 सितम्बर (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के लिए तैयार की गई पवित्र संकल्प रजत शिला का उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता तीरथ सिंह रावत ने विधि-विधान से पूजन किया। यह विशेष कार्यक्रम मोती कुंज स्थित उद्योगपति एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक रूप सिंह नागर के आवास पर आयोजित किया गया। इस दौरान शहर के संत-महात्माओं, धर्माचार्यों और आंदोलन से जुड़े गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत रविवार मोती कुंज स्थित रूप सिंह नागर का आवास पहुंचे जहां संतों के साथ विधि विधान से पूजन किया। पूजन के उपरांत तीरथ सिंह रावत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ईश्वर की इच्छा और भक्तों के दृढ़ संकल्प से भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण के भव्य मंदिर निर्माण के मार्ग की सभी बाधाएं एक दिन अवश्य दूर होंगी। उन्होंने दिनेश फलाहारी महाराज के समर्पण और वर्षों के लंबे संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह प्रयास निश्चित रूप से सार्थक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर रूप सिंह नागर और दिनेश फलाहारी महाराज ने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि न्यायपालिका के माध्यम से श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा। प्रो. शिवराज भारद्वाज ने कहा कि फलाहारी महाराज पूरी मजबूती और निष्ठा के साथ अदालत में हिंदू पक्ष की पैरवी कर रहे हैं।
कार्यक्रम के संयोजक पंडित राजेश पाठक ने जानकारी दी कि इस पवित्र संकल्प रजत शिला का प्रथम पूजन अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज द्वारा किया गया था। अब इस रजत शिला को देशभर के श्रद्धालुओं के संकल्प और भावनाओं से जोड़ा जा रहा है, ताकि इस पवित्र अभियान को और व्यापक रूप दिया जा सके। इस दौरान उनके साथ हिंदू पक्षकार दिनेश फलाहारी महाराज, प्रो. शिवराज भारद्वाज और कार्यक्रम संयोजक पंडित राजेश पाठक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार