श्रीजन्मभूमि: चांदी से सजे गर्भगृह की अद्भुत छटा निहारते रहे मुख्यमंत्री योगी, युगल सरकार की आरती
-मुख्यमंत्री के रूप में 20वीं बार श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे योगी आदित्यनाथ, श्रद्धालुओं पर बरसाए फूल-योगमाया और केशवदेव मंदिर में भी किया दर्शन-पूजन, परिसर में विधि- विधान से किया गौ-पूजन-मुख्यमंत्री ने उज्जैन से आए कलाकारों का बढ़ाया उत्साह, ब्रजवासियों को दीं असीम शुभकामनाएं
मथुरा 04 सितंबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने ब्रज प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। सर्वप्रथम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में गोमाता का विधिवत पूजन किया (गौ-पूजन किया)। गौ-पूजन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने पूरे विधि-विधान व आस्था के साथ मुख्य गर्भगृह में विराजमान लाला (बाल कृष्ण) के दर्शन और विशेष पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री के रूप में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का यह उनका 20वां दर्शन रहा। मंदिर परिसर में आगमन पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
चांदी से सजे गर्भगृह की अद्भुत छटा निहारते रहे सीएम
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के इस विशेष और दिव्य पर्व पर जन्मभूमि के मुख्य गर्भगृह की दीवारों को चांदी की परत लगाकर बेहद अलौकिक रूप से सजाया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काफी देर तक चांदी से सजे गर्भगृह की इस अद्भुत छटा और लाला के मनमोहक स्वरूप को भक्तिभाव से निहारते रहे। मुख्य गर्भगृह में दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने परिसर में ही स्थित योगमाया मंदिर, केशवदेव मंदिर और भागवत भवन में भी जाकर दर्शन-पूजन किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने देश-प्रदेश की सुख-शांति व समृद्धि की मंगल कामना की।
श्रद्धालुओं पर की पुष्प वर्षा
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर जन्मभूमि परिसर में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन पर पुष्पवर्षा की और सभी देशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने जन्मभूमि परिसर में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दे रहे उज्जैन से आए कलाकारों के मध्य पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया और साथ में फोटो भी खिंचवाईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 30 मिनट तक जन्मभूमि परिसर में रहे।
कार्यक्रम में मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चौधरी, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, विधायक मथुरा श्रीकांत शर्मा, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह, विधायक मांट राजेश चौधरी, सदस्य विधान परिषद योगेश नौहवार, उत्तर प्रदेश गौ-सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय, क्षेत्रीय अध्यक्ष ब्रज क्षेत्र पूरन लाल लोधी, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, जिलाध्यक्ष निर्भय पाण्डेय, राष्ट्रीय लोक दल से प्रीतम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार