श्री दुर्गा पूजा महासमिति ने मनाया 48वां स्थापना दिवस

 


जौनपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। श्री दुर्गा पूजा महासमिति का 48वां स्थापना दिवस शुक्रवार को विसर्जन घाट स्थित महासमिति के केंद्रीय कार्यालय नवदुर्गा मंदिर परिसर में समारोहपूर्वक मनाया गया।

कार्यक्रम में महासमिति की स्थापना से लेकर वर्तमान स्वरूप तक के सफर और संगठन की मजबूती में पदाधिकारियों एवं सदस्यों के योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।

संरक्षक मंडल के सदस्य निखिलेश सिंह, विंध्याचल सिंह और संतोष सिंह ने महासमिति की स्थापना से लेकर अब तक किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। कर्मचारी नेता निखिलेश सिंह ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए आपसी सहमति, एक-दूसरे का सम्मान, समर्पण और त्याग की भावना जरूरी है।

महासमिति ने समय-समय पर जिला प्रशासन से संवाद करते हुए दुर्गा पूजा से जुड़े संगठनों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य किया है। इसी एकजुटता के कारण महासमिति आज इस मुकाम तक पहुंची है।

उन्होंने वर्तमान अध्यक्ष मनीष देव और महासचिव मनीष गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि संरक्षक मंडल के मार्गदर्शन और प्रबंध कार्यकारिणी के सहयोग से महासमिति अपने 50वें रजत जयंती वर्ष की ओर अग्रसर है।

कार्यक्रम से पूर्व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद संरक्षक मंडल एवं विशिष्ट आमंत्रित सदस्यों को अध्यक्ष मनीष देव और महासचिव मनीष गुप्ता ने अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर सोमनाथ आर्य, चंद्र प्रताप सोनी, विंध्याचल सिंह, श्रीकांत माहेश्वरी, राधेकृष्ण ओझा, राकेश श्रीवास्तव, अनिल अस्थाना, संजय सिंह, शशांक सिंह, रानू, मोतीलाल यादव, विजय सिंह बागी, लालचंद निषाद महासमिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव