पितृ अमावस्या पर श्रीबांके बिहारी परिवार ने किया विशाल भंडारा
मथुरा, 10 अक्टूबर(हि.स.)। पितृ अमावस्या के पावन अवसर पर कान्हा की नगरी मथुरा में धर्म और सेवा का एक अद्भुत और भावुक माहौल देखने को मिला। पूर्वजों की आत्मा की शांति, मोक्ष और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ बांके बिहारी परिवार की ओर से शनिवार देरसायं एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
इस धार्मिक अनुष्ठान के तहत शहर के कई प्रमुख स्थलों पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों के अनुसार, वृंदावन चीर घाट, परिक्रमा मार्ग, विद्यापीठ चौराहा और गीताश्रम समेत अन्य जगहों पर दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया। परिक्रमा मार्ग पर विशेष रूप से श्रद्धालुओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में साधु-संतों ने भी प्रसाद पाया। इस दौरान आयोजकों ने आदरपूर्वक साधु-संतों को दक्षिणा भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। सनातन मान्यता के अनुसार, पितृ अमावस्या के दिन किया गया दान और सेवा का पुण्य सीधा पितरों तक पहुंचता है। इसी गहरी आध्यात्मिक भावना के साथ श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर इस आयोजन में हिस्सा लिया। मनोहर मामू गोस्वामी ने इस आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पितरों के मोक्ष और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए किया गया, यह पूरा आयोजन बेहद भक्तिमय और शांतिपूर्ण रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार