आईजीआरएस प्रकरणों के त्रुटिपूर्ण निस्तारण पर चार अधिशासी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
देवरिया, 29 जुलाई (हि.स.)।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आईजीआरएस शिकायतों के त्रुटिपूर्ण निस्तारण और लापरवाही पाए जाने पर बुधवार की शाम चार नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस प्रकरणों की नियमित समीक्षा और शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक के दौरान कई मामलों में असंतोष तथा निस्तारण में खामियां सामने आईं। इसके बाद अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गौरी बाजार, मझौलीराज, देवरिया तथा भाटपार रानी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
समीक्षा में नाली निर्माण, कुएं पर कथित अवैध कब्जा, सरकारी धन के दुरुपयोग तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्य पूर्ण कराने से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में गंभीर कमियां पाई गईं। इन मामलों में संबंधित अधिकारियों से विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस शासन की महत्वपूर्ण जन शिकायत निवारण प्रणाली है और इसमें दर्ज शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, तथ्यपरक एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का मौके पर जांच कर वास्तविक तथ्यों के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक न्याय मिल सके।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या औपचारिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में भी इस प्रकार की कमियां पाई गईं तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को आईजीआरएस प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक