आईजीआरएस मामलों में लापरवाही पर पांच अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
देवरिया, 21 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) के प्रकरणों के निस्तारण में लापरवाही और त्रुटिपूर्ण आख्या प्रस्तुत करने पर सख्त कार्रवाई करते हुए पांच अधिकारियों को मंगलवार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और शासन के निर्धारित मानकों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कुछ अधिकारियों ने शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और तथ्यपरक ढंग से नहीं किया गया। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि आईजीआरएस प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण से संबंधित शिकायत में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भटनी, नाली की सफाई से जुड़े मामले में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) बनकटा, जन्म प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने के प्रकरण में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सलेमपुर तथा अन्नपूर्णा भवन के समीप स्थित कचरा भवन के कारण राशन वितरण प्रभावित होने संबंधी शिकायत में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भलुअनी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा परिवार रजिस्टर की नकल जारी करने से संबंधित शिकायत में त्रुटिपूर्ण आख्या प्रस्तुत करने पर जिला पंचायत राज अधिकारी के विरुद्ध भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सभी अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा भविष्य में इस प्रकार की त्रुटियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक