पहले दिन प्रशिक्षण में गैरहाजिर तीन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी

 


--जनगणना 2027 के पहले चरण का प्रशिक्षण कार्य शुरू

हमीरपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में भारत की 16वीं जनगणना 2027 के पहले चरण का प्रशिक्षण 20 अप्रैल से 4 मई तक मौदहा नगर पालिका व गांधी इंटर कॉलेज में दिया जाएगा। पहले दिन प्रगणक और पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य की बारीकियों के बारे में जानकारी दी गई। जिसकी अध्यक्षता उप जिलाधिकारी करनवीर सिंह ने की। गांधी विद्यालय में तीन कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, उनको कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मौदहा कस्बे में तीन बैचों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार को प्रारम्भ हुआ। खास बात यह है कि जनगणना पहली बार पूर्ण डिजिटल जनगणना होगी जो मकान सूचीकरण व मकान गणना को आधार मानते हुए जनगणना के मुख्य बिंदुओं पर फोकस करते हुए किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य की बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका में जनगणना के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कार्य देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। उन्होंने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं ईमानदारी से करने की हिदायत दी। तहसीलदार शेखर मिश्रा ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए 15 बैच बनाए गए, इसमें तीन-तीन बैच के प्रशिक्षण की शुरुआत 20 अप्रैल से किया गया है। कस्बे के नगर पालिका में 42 व गांधी विद्यालय में 135 प्रशिक्षुओं को प्रथम दिन प्रशिक्षण दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा