संभल के हरिहर मंदिर में जलाभिषेक को जा रहे मुरादाबाद के शिव सैनिकों को पुलिस ने रोका

 


मुरादाबाद जिला प्रमुख नन्हे चौधरी के नेतृत्व में पश्चिमी यूपी के विभिन्न जनपदों के शिवसैनिक कूच कर रहे थे संभल

मुरादाबाद, 16 अगस्त (हि.स.)। शिवसेना शिंदे गुट मुरादाबाद के पदाधिकारी पश्चिम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के पदाधिकारी के साथ रविवार को संभल स्थित हरिहर मंदिर में जलाभिषेक को जा रहे थे जिन्हें स्थानीय पुलिस प्रशासन ने थाना सिविल लाइन क्षेत्र के हरथला में रोक लिया। इस दौरान शिव सैनिकों ने राष्ट्रपति के नाम अपना संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसके बाद शिवसैनिक अपने घरों को रवाना हो गए।

शिवसेना शिंदे गुट पश्चिम उत्तर प्रदेश के राज्य प्रमुख ललित मोहन शर्मा के साथ पश्चिम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के शिवसेना पदाधिकारी मुरादाबाद शिवसेना के जिला प्रमुख नन्हे चौधरी के नेतृत्व में रविवार को संभल स्थित हरिहर मंदिर में जलाभिषेक के लिए मुरादाबाद से कूच कर रहे थे। स्थानीय पुलिस प्रशासन को जैसे ही इसकी भनक लगी उन्होंने थाना सिविल लाइन क्षेत्र में हरतला को पूरी तरह से बैरिकेडिंग करके सील कर दिया जैसे ही शिव सैनिक संभल जाने के लिए हरथला सब्जी मंडी के पास पहुंचे वैसे ही काफी संख्या में तैनात थाना सिविल लाइन पुलिस टीम ने उन्हें रोक लिया और संभल जाने नहीं दिया।

इस दौरान गुस्साए शिव सैनिकों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस कृत्य को अन्याय पूर्ण बताया। इस दौरान शिव सैनिकों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित अपना मांग पत्र ज्ञापन इंस्पेक्टर सिविल लाइन हरीश वर्धन सिंह को सौंपा।

पश्चिम उत्तर प्रदेश के राज्य प्रमुख ललित मोहन शर्मा ने बताया कि जनपद संभल में पृथ्वीराज चौहान ने अपने राज्याभिषेक के अवसर पर श्री हरिहर मंदिर का निर्माण कराया था जो कि वर्तमान में भी स्थापित है। लेकिन कुछ मुगल आक्रांताओं द्वारा उस पर अतिक्रमण करके उसका स्वरूप बदल दिया लेकिन वर्तमान में भी श्री हरिहर मंदिर के अवशेष उसमें विराजमान हैं। सावन माह के पवित्र अवसर पर शिवसेना प्रतिवर्ष वहां जलाभिषेक के लिए जाती है। स्थानीय प्रशासन का यह कृत्य एक संप्रदाय के साथ अन्याय है। शिवसेना इसका कड़ा विरोध करती है।

इस मौके पर राज्य सचिव रामप्रसाद प्रजापति, मंडल प्रमुख गुड्डू सैनी, महानगर प्रमुख मनोज कुमार, बाबा कुशल सिंह, नितिन वर्मा, रजत शोत्रिय, राकेश कुमार प्रजापति, ओमप्रकाश सैनी, मुकेश सक्सेना, रोहिताश कश्यप, मंगली सैनी, मोहर सिंह कश्यप, इंद्रजीत सिंह आदि सैकड़ों शिव सैनिक मौजूद रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल