मन की बात करने वाले जनता की बात की कर रहे अनदेखी : शिवपाल यादव

 


इटावा, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला से मिलने पहुंचे समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मन की बात करने वाले जनता की बात की अनदेखी कर रहे हैं।

उन्होंने उक्त बातें पत्रकारों से बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कही।

उन्होंने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ओम प्रकाश राजभर पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव में केवल परिवार की पांच सीटें जीत की बात कही जा रही थीं, फिर सपा की 37 और कांग्रेस की पांच सीटें इंडिया गठबंधन कैसे जीत गया।

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि सपा को सैफई भेजने की बात कहने वाले 2027 में विधानसभा जाने लायक नहीं रहेंगे। सपा को सत्ता से दूर करने का सपना देखने वालों को जनता घर भेज देगी।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विपक्ष को खत्म करना चाहती है। विपक्ष में बैठे जनता के द्वारा चुने गये सांसद, विधायकों को इनकम टैक्स, सीबीआई का डर दिखाकर चुप करना चाहती है। लोकतंत्र में आजतक ऐसा कभी नहीं हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित सिंह