इंटर हाउस फुटबॉल प्रतियोगिता में शिवाजी हाउस 4-0 से चैंपियन : डॉ श्रवण कुमार यादव

 


कानपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में आयोजित इंटर हाउस फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए शिवाजी हाउस ने 4-0 से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और पूरे उत्साह के साथ मुकाबले खेले गए। “खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह बातें शनिवार को विभागाध्यक्ष डॉ श्रवण कुमार यादव ने कही।

शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ खिलाड़ियों से परिचय और टॉस के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विभाग के चारों हाउस के लगभग 132 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सेमीफाइनल मुकाबलों में शिवाजी हाउस ने आजाद हाउस को 1-0 से हराया, जबकि महाराणा प्रताप हाउस ने भगत सिंह हाउस को 1-0 से पराजित किया।

फाइनल मुकाबले में शिवाजी हाउस ने महाराणा प्रताप हाउस को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में पीयूष पनिका को बेस्ट डिफेंडर, प्रशांत प्रताप सिंह को बेस्ट अटैकर और प्रत्यूष त्रिपाठी को बेस्ट गोलकीपर चुना गया।

समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अभिषेक मिश्रा, सौरभ तिवारी सहित अन्य शिक्षक एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप