शिक्षा सेवा चयन आयोग की परीक्षाओं में जीरो टॉलरेंस नीति लागू, एआई निगरानी से होगी सख्ती

 


प्रयागराज, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित होने वाली आगामी परीक्षाओं में शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति लागू की गई है। आयोग ने इसके लिए अत्याधुनिक तकनीक से लैस कंट्रोल कमांड रूम स्थापित किया है। यह जानकारी बुधवार को आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने दी।

उन्होंने बताया कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए आधुनिक निगरानी प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है। कंट्रोल कमांड रूम में दो दर्जन से अधिक उच्च गुणवत्ता वाली स्क्रीन और एआई कैमरों की व्यवस्था की गई है, जिससे सभी परीक्षा केंद्रों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि इस तकनीकी व्यवस्था के माध्यम से किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी को तुरंत चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। आयोग परीक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर तकनीकी सुधार कर रहा है।

डॉ. प्रशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे परीक्षा ईमानदारी और नियमों के अनुरूप दें तथा किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें।

आयोग ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे अभ्यर्थियों को निष्पक्ष परीक्षा का वातावरण मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल