भीषण गर्मी में समाजसेवी ने बांटा शर्बत, राहगीरों को मिली राहत
औरैया, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के कस्बा रुरुगंज भीषण गर्मी और तेज धूप से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से कस्बा स्थित ज्वाला देवी मंदिर परिसर में समाजसेवी एवं मंदिर स्वामी प्रदीप कुमार गुप्ता ने साेमवार काे ठंडे शर्बत का वितरण किया। चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में राहगीरों, श्रद्धालुओं और बाजार से गुजर रहे लोगों ने शर्बत पीकर राहत महसूस की।
शर्बत वितरण कार्यक्रम में मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ बाजार क्षेत्र से गुजर रहे लोगों को भी ठंडा शर्बत वितरित किया गया। गर्मी से परेशान लोगों ने शर्बत पीकर समाजसेवी की इस पहल की सराहना की। कई लोगों ने कहा कि इस तरह के सेवा कार्य भीषण गर्मी के मौसम में लोगों के लिए काफी राहत देने वाले होते हैं।
समाजसेवी प्रदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि गर्मी के मौसम में राहगीरों और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि इंसानियत और सेवा भावना ही समाज को जोड़ने का कार्य करती है। आगे भी समय-समय पर इस तरह के सामाजिक कार्य किए जाते रहेंगे ताकि जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने भी सहयोग करते हुए शर्बत वितरण में भागीदारी निभाई। मंदिर परिसर में कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही और सभी ने सेवा कार्य की प्रशंसा की। लोगों ने कहा कि बढ़ती गर्मी में इस तरह के आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायक हैं और इससे आपसी सहयोग व भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार