मथुरा में तीन दिवसीय शरद महोत्सव संपन्न, संत ज्ञानानंद महाराज के सानिध्य में उमड़े भक्त
मथुरा, 25 अक्टूबर (हि.स.)। वृंदावन पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग स्थित श्रीकृष्ण कृपा धाम में संत गीता मनीषी ज्ञानानंद जी महाराज के सानिध्य में रविवार काे आयोजित तीन दिवसीय जीओ गीता पाठशाला महोत्सव का भव्य समापन हो गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर संत ज्ञानानंद महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान अपने विचार साझा करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने कहा कि पूज्य स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज के मार्गदर्शन में चल रही यह पहल अत्यंत सराहनीय है। इसके माध्यम से श्रीमद्भगवद्गीता के शाश्वत संदेशों को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता हमें केवल धार्मिक दृष्टिकोण से ही नहीं, बल्कि जीवन में कर्म, कर्तव्य, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने की सच्ची प्रेरणा देती है। किशन चौधरी ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि यदि हम गीता के पवित्र संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपना लें, तो एक संस्कारित, सकारात्मक और सशक्त समाज का निर्माण करना बेहद आसान हो जाएगा। इस प्रकार के आध्यात्मिक और नैतिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को सही दिशा दिखाते हैं।
समापन सत्र के दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद प्रकरण के मुख्य हिंदू पक्षकार एडवोकेट महेंद्र प्रताप सिंह ने हजारों भक्तों के समक्ष ऐतिहासिक तथ्यों को रखा। मंच से उन्होंने स्पष्ट ऐलान किया कि मूल गर्भगृह स्थल पर पुनः भगवान श्रीकृष्ण का भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण होकर रहेगा।
हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने सनातन संस्कृति को नष्ट करने के लिए हमारे सांस्कृतिक केंद्रों को निशाना बनाया था। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म मथुरा में हुआ है, इस सत्य से पूरी दुनिया वाकिफ है। जिस स्थान पर भगवान का प्राकट्य हुआ, वहां बने प्राचीन भव्य मंदिर को तोड़कर मस्जिद बनाए जाने के संबंध में न्यायालय में पुख्ता प्रमाण प्रस्तुत किए जा चुके हैं। उन्होंने अपनी जीत को लेकर पूर्ण विश्वास जताया।
कार्यक्रम के दौरान जब उपस्थित भक्तों से सवाल किया कि क्या वे मूल गर्भगृह स्थल पर पुनः भव्य मंदिर का निर्माण देखना चाहते हैं, तो हजारों भक्तों ने हाथ उठाकर अपना पूर्ण समर्थन दिया। इस प्रकार श्श्रीकृष्ण कृपा परिवारश् ने भी एडवोकेट महेंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई में चल रहे इस आंदोलन को अपना समर्थन प्रदान किया। कार्यक्रम से पूर्व महेंद्र प्रताप सिंह ने गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज का स्वागत कर उनका आशीर्वाद लिया।
इस गरिमामयी अवसर पर भानुपीठ के पीठाधीश्वर संत विवेक मुनि, भगवताचार्य संजीव कृष्ण शास्त्री, वासुदेव कृष्ण शास्त्री, पूर्णिमा दीदी, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी, श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद प्रकरण के हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट, फिल्म डायरेक्टर विजय पाल सिंह और मनोज चौधरी सहित बड़ी संख्या में गीता प्रेमी व श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रेम मंदिर से इस्कॉन मंदिर तक निकलेगी संकल्प दीप ज्योति यात्रा
शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर 26 अक्टूबर (सोमवार) को शाम छह बजे वृंदावन में एक विशेष श्संकल्प दीप ज्योति यात्राश् निकाली जाएगी। यह यात्रा घर-घर संकल्प दीप जलाओ, श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराओ अभियान के अंतर्गत आयोजित की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार