सम्पूर्ण विश्व में शांति ला सकता है सनातनी विचार : दुष्यंत

 


बिजनौर, २२ मार्च (हि.स.) | राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सम्पर्क प्रमुख दुष्यंत ने कहा कि पूरा विश्व आज हिंदुत्व की ओर आशा की दृष्टि से देख रहा है। विश्व में जो अशांति, असुरक्षा तथा अन्याय व्याप्त है उसके मूल में भोग की वृद्धि है। परंतु हिंदू संस्कृति, धर्म और राष्ट्र में त्याग की वृद्धि मौलिक रूप से विद्यमान है। अतः यह सनातनी विचार ही इस पूरे विश्व में शांति ला सकता है। विकास का जो आधुनिक मॉडल है पूरी तरह से फेल है। भारतीय सनातनी प्रवृत्ति का प्राकृतिक मॉडल सम्पूर्ण विश्व और इस वसुधा को बचा सकता है।

रविवार को बिजनौर शहर की भगीरथी बस्ती में आयोजित चैत्र शुक्ल प्रतिपदा उत्सव कार्यक्रम को मुख्य वक्ता के रूप में सम्बोधित करते हुए दुष्यंत ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का एक साधारण स्वयंसेवक असाधारण कार्य करने की शक्ति रखता है और अपने व्यवहार के कारण एक अनुकूल परिवर्तन ला सकता है। हम नित्य प्रति के कार्यक्रमों से जो सामाजिक, सांस्कृतिक वैचारिक, मानसिक तथा संघटनात्मक सिद्धियां प्राप्त करते हैं वह समाज के लिए बहुत उपयोगी है।

कार्यक्रम के उपरांत स्वयंसेवकों ने बस्ती में पथ संचलन निकाला। पथ संचलन का कई स्थान पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विनोद कौशिक ने की। कार्यक्रम मे जितेंद्र चौधरी प्रान्त सहमंत्री विहिप, देवेंद्र चीनू जिला प्रचार टोली सदस्य, कटार सिंह नगर सहकार्यवाह, विकास कुमार बस्ती प्रमुख, अनिल चौधरी शाखा कार्यवाह, सतेंद्र कुमार मुख्य शिक्षक, शेखर वर्मा मुख्य शिक्षक, अवधेश वर्मा सह शाखा कार्यवाह, रजत चौधरी जिला सह संयोजक धर्मजागरण,संजीव शर्मा, शिवाकर त्यागी बजरंगदल संयोजक, अरविन्द चौधरी, संदीप गौड़,राजेंद्र गोयल,हितेश सैनी, हिमांशु चौधरी,राजकुमार अग्रवाल,प्रशांत सेट्टी,विपुल शर्मा, विशाल ढाका, विट्टू, नैतिक,प्रशांत मनीष, तुषार,रिद्धिमन,कविश,कार्तिक आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र