फर्रुखाबाद : अमर शहीद जीत कुमार की प्रतिमा अनावरण 25 अक्टूबर को लुकुटपुरा में
फर्रुखाबाद, 18 अक्तूबर (हि.स.) कुछ लोग दुनिया से विदा होकर भी इतिहास में अमर हो जाते हैं। उनका बलिदान पीढ़ियों को देश के लिए जीने और जरूरत पड़ने पर सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा देता है। ऐसे ही वीर सपूत शहीद जीत कुमार की स्मृति में 25 अक्टूबर को फर्रुखाबाद के ग्राम लुकुटपुरा में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण कर देश की रक्षा के लिए दिए गए उनके बलिदान को नमन किया जाएगा। जीत कुमार भारतीय सेना की राजपुताना रेजीमेंट में एमटी चालक के पद पर कार्यरत थे और कश्मीर के कुलगाम में सेना की गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से वे वीरगति को प्राप्त हुए थे।
25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक आयोजित होने वाला यह समारोह शहीद के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रतीक बनेगा। प्रतिमा अनावरण के दौरान जहां परिजनों और शुभचिंतकों की आंखें नम होंगी, वहीं अपने वीर सपूत की शहादत पर हर देशवासी का सीना गर्व से चौड़ा होगा। शहीदों का बलिदान केवल उनके परिवार की धरोहर नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की अमूल्य विरासत होता है।
ग्राम लुकटपुरा, डाकघर पिपरगांव में होने वाले इस आयोजन में भारत सरकार के अपर आयुक्त एवं प्रवर्तन निदेशालय में अपर निदेशक (जांच) तथा लक्ष्य फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक अमरपाल सिंह लोधी (आईआरएस) मुख्य अतिथि होंगे। विशिष्ट अतिथियों में हरचंदपुर, रायबरेली के विधायक राहुल शिवगणेश लोधी, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं विधायक अवधेश वर्मा और पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत शामिल रहेंगी।
समारोह की तैयारियों में शहीद की पत्नी सरिता राजपूत और उनके पुत्र अभय जीत व अंकुर सिंह के लिए यह आयोजन अपने प्रियजन की स्मृतियों को संजोने और उनके बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। परिवार की ओर से गंगाश्री, सुरेन्द्र सिंह राजपूत, नन्ही देवी, बालकराम राजपूत, शैलेश कुमार, विमलेश कुमार, कमलेश कुमार और सतीश चन्द्र लोधी राजपूत सहित समस्त परिजनों ने लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
प्रतिमा के सामने नतमस्तक होगा समाज, अमर रहेगी शहादत
शहीद की प्रतिमा का अनावरण केवल एक स्मारक की स्थापना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण से परिचित कराने का संकल्प है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों, युवाओं और देशभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शहीद जीत कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आह्वान किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर